Exercise Benefits: अच्छी फिटनेस के लिए आपके एक्सरसाइज रुटीन में एरोबिक, स्ट्रेंथ, कोर, बैलेंस और स्ट्रेचिंग ट्रेनिंग ज़रूर होनी चाहिए। इनके अभ्यास से आजीवन निरोगी रहने में मदद मिल सकती है। यूएस के मेयो क्लिनिक ने रोज़ाना की एक्सरसाइज से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी लाभों पर विस्तार से जानकारी दी है। क्लिनिक के हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि इंसानों को लंबे समय तक स्वस्थ, ऊर्जावान और प्रसन्नचित्त रखने में एक्सरसाइज का कोई सानी नहीं है। आइए जानें ऐसा क्यों है।
नियमित एक्सरसाइज द्वारा इंसानों के वज़न को बढ़ने से रोकने, घटाने या स्थिर रखने में मदद मिल सकती है। एक्सरसाइज के उद्देश्य से की गई शारीरिक गतिविधि शरीर में जमा अतिरिक्त कैलोरी को घटा सकती है। भोजन से मिली अतिरिक्त कैलोरी वज़न बढ़ने व रोगों का मूल कारण मानी गई है। गतिविधि जितनी तीव्र होगी, आप उतनी ही अधिक कैलोरी घटा सकते है।
शारीरिक रूप से सक्रिय रहने पर खून में एचडीएल या “अच्छा,” कोलेस्ट्रॉल बढ़ जाता है। साथ ही, रोगजनक और अस्वास्थ्यकर ट्राइग्लिसराइड्स कम होता है। दिल को पोषक तत्वों और ऑक्सीजन युक्त खून का प्रवाह सुचारू रूप से होने लगता है। इस स्थिति से दिल की नसों में रुकावट नहीं आती और जानलेवा बीमारियों का खतरा कम हो जाता है। खून और ऑक्सीजन सुधरने से स्ट्रोक, हाई बीपी, डिप्रेशन आदि की भी रोकथाम है।
नियमित शारीरिक गतिविधि आपकी मांसपेशियों की ताकत में सुधार और लचीलापन बढ़ा सकती है। एक्सरसाइज से अंगों को ऑक्सीजन और पोषक तत्व सुगमता से पहुंचते है। इससे दिल और फेफड़ें की कार्यप्रणाली अधिक कुशलता से काम करती है। दिल और फेफड़ों के स्वास्थ्य में सुधार से नर्वस सिस्टम चुस्त रहता है और दैनिक कामकाज के लिए अधिक ऊर्जा प्रदान करता है।
आजकल के जीवन में सुखद और शांत नींद आना किसी चुनौती से कम नहीं है। नियमित एक्सरसाइज आपको जल्दी सोने, बेहतर और गहरी नींद लेने में मदद कर सकती है। एक्सरसाइज आपकी मनोदशा को स्थिर और दिमागी उथल-पुथल शांत रखने में भी मददगार है। यह सकारात्मक अवस्था स्वाभाविक रूप से नींद लाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
नियमित शारीरिक गतिविधि ऊर्जा के स्तर में सुधार करती है। एक्सरसाइज से शारीरिक आकार के प्रति आत्मविश्वास बढ़ता है। इससे उत्तम सेक्स लाइफ को बढ़ावा मिलता है। नियमित शारीरिक गतिविधि महिलाओं की यौन उत्तेजना में वृद्धि करती है। एक्सरसाइज करने वाले पुरुषों को भी इरेक्टाइल डिसफंक्शन समस्या की कम संभावना होती है।
एक्सरसाइज करना तन-मन के लिए सुखद तो होता ही है, इससे आपको बाहरी वातावरण का आनंद लेने या उन गतिविधियों का हिस्सा बनने का मौका मिलता है जो आपको खुशी देती हैं। एक्सरसाइज द्वारा कई नए लोगों से मिलने-जुलने, दोस्तों और परिवार संग सैर करने, हंसी-मज़ाक में समय बिताने का अवसर भी मिलता है। इससे सामाजिक और पारिवारिक मेलजोल में वृद्धि होती है।
Also Read: बुढ़ापे तक रहना हो फिट तो जल्द डालें एक्सरसाइज की आदत